Sunday, May 12
Home>>सैर-सपाटा>>विदेश>>उत्तर अमेरिका>>अमेरिका>>वेगास में रोमांस व रोमांच के 72 घंटे
अमेरिकाट्रैवल टिप्स

वेगास में रोमांस व रोमांच के 72 घंटे

अब कौन कहता है कि रोमांस के लिए कोई समुद्र तट या कोई शांत जगह होनी जरूरी है। कभी-कभी रोमांच के साथ भी रोमांस हो सकता है और अगर आप लास वेगास जैसी किसी जगह पर हैं तो वहां इतना कुछ है करने को कि हर लम्हा यादगार हो सकता है। हम आपको बता रहे हैं कि आपके पास मानो महज 72 घंटे ही बिताने को वेगास में हैं तो कैसे आप एक-एक पल का बेहतरीन इस्तेमाल कर सकते हैं। वेगास में काफी आरामदेह ठिकाने हैं जिनमें से कुछ तो दुनिया के सबसे महंगे रिसॉर्ट हैं जिन्हें देखकर सोने का विचार आपके दिमाग में बहुत ही मुश्किल से आएगा। तो भाई, करें क्या!

लास वेगास स्ट्रिप की लाइट्स, डाउनटाउन का रोमांच, रेगिस्तान की वीरानी… वेगास की हर चीज व बात फिर से खुली है और आपके इंतजार में है।

लीजिए, हो गई हैं आपकी छुट्टियां शुरू (कोरोना काल में वर्चुअल ही सही, लेकिन जब वहां जाने का मौका वाकई मिल जाए तो इसे याद जरूर रखें):

पहला दिन : शुक्रवार, दोपहर 2.00 बजे

सामान खोलें नहीं, अभी उसके लिए काफी समय है। आप लास वेगास में पहुंच गए हैं और आपको भूख लग रही होगी। चार्ली पामर स्टेक के फोर सीजऩ में स्वादिष्ट भोजन का आनंद लें। ग्रेट स्टीकहाउस की परंपरा के अनुसार, चार्ली पामर स्टेक एक आरामदायक, विशाल रेस्तरां है जिसका नया मीनू बहुत ही परंपरागत है। दोपहर का भोजन करने के बाद एमजीएम ग्रांड के सीएसआई में किसी आपराधिक मामले को सुलझाने का प्रयास करें जिसका अनुभव खासा रोमांचक होगा। यहां आपको एक डिटेक्टिव की भूमिका में किसी असली घटना से जुड़े रहस्य को हल करने का मौका मिलेगा। दोपहर की मैटिनी का किंग, कॉमेडी जादूगर मैक किंग हारा में मिलेगा! उसका शो बहुत ही लोकप्रिय है जो एक दशक पहले शुरू हुआ था!

लॉस वेगास के इतिहास में जाने के लिए मॉब म्यूजियम जाएं जिसे कृत्रिम ढंग से लेकिन बड़े ही आकर्षक तरीके से तैयार किया गया है जिसमें लास वेगास के सबसे कुख्यात अपराधियों के बारे में बताया गया है। शहर में आगे जाने पर नियॉन म्यूजियम में बॉनीयार्ड देखें जो दिन के समय आकर्षण की एकमात्र जगह है जहां पर आप 1930 से लेकर 90 के दशक की शुरुआत तक की बहुत सी आकर्षक व महत्वपूर्ण चीजें देख सकते हैं। आप नेशनल एटोमिक टेस्टिंग म्यूजियम का ब्लास्ट भी देख सकते हैं।

शाम 8.00 बजे

ट्रॉपिकाना लास वेगास में स्थापित लॉफ फैक्टरी में ठहाके लगाएं। इस लॉफ फैक्टरी में बहुत से कॉमेडियन शामिल रहे हैं। इसे यूएसए टुडे अव्वल नंबर का कॉमेडी क्लब माना था। फिर आप पहुंचें

द कॉस्मोपॉलिटन स्थित जेलियो में। शेफ जोस आंद्रे के इस स्पेनिश रेस्तरां में चांदी के बर्तनों में एकांत खाने का लुत्फ उठाएं। पाक कला के माहिर शेफ जोस आंद्रे कई अवार्ड जीत चुके जेलियो रेस्तरां में स्पेन का प्रामाणिक स्वाद लास वेगास के जोश के साथ परोसते हैं। जेलियो ने लगभग पिछले दो दशकों से अमेरिका में स्पेनिश व्यंजनों के नए मानक स्थापित किए हैं।

आप चहें तो वेस्टगेट लास वेगास रिजॉर्ट और कैसिनो में टीजेएस स्टीकहाउस को भी आजमा सकते हैं।

देर रात

लास वेगास की नाइटलाइफ वहां की जान है। सभी मशहूर हस्तियां यहां पर आती हैं। वे यहां डांस और म्यूजिक का लुत्फ लेने के साथ आप ही की तरह मौज मस्ती करते हैं। हां, इसके लिए आपको रात की रूमानियत का थोड़ा शौक होना चाहिए। यहां पर हर व्यक्ति सितारों की तरह ही इन क्लबों में जाता है। ऐसे क्लबों के यहां बहुत से विकल्प उपलब्ध हैं। इसलिए पैकिंग करते हुए अपनी पार्टी ड्रेस और जूते अवश्य रख लें क्योंकि लास वेगास के मखमली नाइटक्लब दुनिया में इसी के लिए जाने जाते हैं।

दूसरा दिन: शनिवार, सुबह 9.00 बजे

उम्मीद है कि रात की खुमारी उतर चुकी होगी। नाश्ते के बाद और रात के खाने से पहले भी वेगास में मज़ा करने के लिए बहुत कुछ है! यदि आपकी रुचि पशु-पक्षियों में है, तो लास वेगास के वन्य जीवन के बारे में जानें। फ्लेमिंगो लास वेगास में फ्लेमिंगो वाइल्डलाइफ हैबीटेट में जाएं और चिली के राजहंस, हंस, बत्तख, कोई, सुनहरी मछली और कछुए देखें।

क्या आप साहसिक खेलों के शौकीन हैं? वहां आपकी इस बात का भी खास ख्याल है; भले ही आप हवा, जमीन या समुद्री करतबों के शौकीन हों। द स्ट्रेटोस्फेयर कैसिनो, होटल व टॉवर से वेगास की गगनचुंबी इमारतों का अद्भुत नजारा मिलता है। कुल 1,149 फुट ऊंचा टॉवर लास वेगास की सबसे रोमांचक जगहों में से है। स्ट्रेटोस्फेयर से आप स्काई जंप कर सकते हैं। 108वीं मंजिल से छलांग दुनिया की सबसे ऊंची बेस जंप भी है और शहर को देखने का सबसे शानदार तरीका भी। यहां स्लॉटजिला भी है जिसमें आप जिप लाइन से बाजार के ऊपर उड़ते हैं। स्ट्रेटोस्फेयर अपने आप में सब कुछ है- खूबसूरत नजारा, रोमांचक सवारी, आकर्षक कैसिनो, कई तरह के खाने, बाजार और रहने की जगह।

इस रोमांच के बाद खाना खाने के लिए ब्रेक लें। दोपहर के भोजन और फ्लेमिंगो लास वेगास में जिमी बफे के मार्गरिटाविले का आनंद लें। लास वेगास स्ट्रिप का यह इलाका कई तरह की गतिविधियों का अड्डा है।

दोपहर बाद 3.00 बजे

द मिराज में सीगफ्रेड एंड राय का सीक्रेट गार्डन और डॉल्फिन हैबीटेट एक खास स्थान है। सीक्रेट गार्डन सफेद बाघ, सफेद शेर, ब्लैक पैंथर्स, पहाड़ी तेंदुए और सुनहरे बाघों का घर है। सीक्रेट गार्डन के ही निकट डॉल्फिन हैबीटेट दरअसल बॉटलनोज डॉल्फिनों के एक विस्तारित परिवार का निवास है। डॉल्फिन के अलावा बाकी मछलियों के दीदार करने हैं तो फिर मांडले बे में शार्क रीफ एक्वेरियम में जा सकते हैं। डाइविंग आती हो और थोड़ी हिम्मत दिखाएं तो वहां आप शार्क के साथ तैराकी भी कर सकते हैं। शार्क रीफ एक्वेरियम में आप खतरनाक और असामान्य समुद्री जीवों को नजदीक से देखने समझने का लुत्फ ले सकते हैं।

रात 9.00 बजे

कॉस्मोपॉलिटन के विकेड स्पून बफे में भोजन करें जहां आपको हर प्रकार का व्यंजन मिलेगा। यह वेगास में आपकी दूसरी रात है, अब इस शहर की रंगीनी के अनुकूल थोड़ी मौजमस्ती का मन बन ही गया होगा। इसलिए रात के खाने के बाद आप एक्सएस नाइटक्लब पहुंच जाएं जो विन लास वेगास को एनकोर लास वेगास से जोड़ने वाले मॉल में स्थित है। इसे अमेरिका का अव्वल नंबर का नाइट क्लब माना जाता है। यहां पहुंचकर आपको लगेगा कि आप एक अलग ही दुनिया में पहुंच गए हैं। यह नाइटक्लब गर्मियों में अपनी पूल पार्टियों के लिए भी जाना जाता है। अंदर घुसकर आप यहां पता नहीं कब किस शख्सियत से टकरा जाएं।

तीसरा दिन: रविवार, सुबह 10.30 बजे

यहां के सबसे लोकप्रिय संडे पायजामा ब्रंच के लिए किसी खास जगह पर जाएं। यह यहां रविवार की सुबह की खासियत है। नाश्ते व लंच का यह मिश्रण अब वेगास की परंपरा का हिस्सा बन गया है। इसके लिए यहां कई रेस्तरां हैं, जैसे कि बॉर्डर ग्रिल, स्टर्लिंग ब्रंच, कंट्री क्लब वगैरह। ब्रंच के बाद क्रिस्टल्स सिटी सेंटर में शॉपिंग करने के साथ साथ यहां के कई जाने-माने रेस्तराओं के व्यंजनों का स्वाद लें, जिनमें वोल्फगैंग पक, टोड इंग्लिश शामिल हैं। पांच लाख वर्ग फुट में फैला यह रिटेल और डायनिंग इलाका लास वेगास का प्रीमियर शॉपिंग अनुभव है। लास वेगास खरीददारी करने वाले लोगों के लिए स्वर्ग के समान है। लास वेगास स्ट्रिप के सबसे बड़े शॉपिंग सेंटर, बीस लाख वर्ग फुट में फैले फैशन शो माल में 250 से ज्यादा स्टोर पर आपको दुनिया के आधुनिकतम फैशन का हर पहनावा मिल जाएगा। शॉपिंग के बीच में राहत देने के लिए कई कैफे भी यहां हैं। इस माल में फैशन शो के लिए भी खास जगह है।

शाम 4.00 बजे

शॉपिंग से हुई थकान को दूर करने के लिए ट्रेजर आईलैंड में ओलेक्जांड्रा स्पा व सैलून का सिग्नेचर ट्रीटमेंट लें। वैसे लास वेगास में एक से बढ़कर एक 30 से भी अधिक स्पा हैं, इसलिए उसी के अनुसार अपनी योजना बनाएं।

शाम 7.00 बजे

दुनिया में सबसे ऊंचा माने जाने वाला, 550 फुट ऊंचा, हाई रोलर फेरी व्हील लास वेगास स्ट्रिप का ऊंचाई से शानदार नजारा देता है। यह ऑब्जर्वेशन व्हील स्ट्रिप के बीच में स्थापित किया गया है जिसे लिंक कहा जाता है। यह इलाका शॉपिंग, डायनिंग और मनोरंजन का मुख्य स्थल है। हाई रोलर में शीशे के बने कुल 28 एसी केबिन हैं और हर केबिन में 40 लोग बैठ सकते हैं। स्ट्रिप के अलावा इस व्हील में ऊपर से लास वेगास घाटी और पहाडिय़ों का भी नजारा मिलता है। नीचे उतरकर बेलाजियो होटल में सर्का द सोलेल के आधुनिक सर्कसनुमा शो ‘ओ’ का आनंद लें। इस लाजबाव शो में हवा, आग और पानी के करतब शामिल किए गए हैं।

रात 10.00 बजे

यह वेगास में इस ट्रिप की आपकी आखिरी रात है। भोजन के लिए, एमजीएम ग्रांड के क्रश रेस्तरां में जाएं। यहां का खाना, माहौल और साज-सज्जा, सबकुछ बेजोड़ माने जाते हैं। वैसे इस स्ट्रिप पर और भी कई लाजवाब रेस्तरां हैं, जैसे कि पेरिस लास वेगास में फ्रेंच बिस्ट्रो मॉन एमी गेबी। यहीं से आप बेलाजियो फाउंटेन का अद्भुत नजारा ले सकते हैं। ध्यान रखें कि ‘वेलकम टू फेबलस लास वेगास’ साइन या बेलाजियो फाउंटेन के सामने फोटो खिंचवाए बिना आपकी यात्रा पूरी नहीं मानी जाएगी।

Leave a Reply