Saturday, May 11
Home>>अजब-गज़ब>>जेल की कोठरी में बिताएं घुमक्कड़ी की रात
अजब-गज़बब्रिटेन

जेल की कोठरी में बिताएं घुमक्कड़ी की रात

लंदन जाकर किसी शानदार होटल में ठहरने का मन तो सबका करता होगा। लेकिन क्या बात हो अगर आपको ऐसी जगह रुकने को मिले जो अनूठी भी हो, ऐतिहासिक भी और महंगी होटलों की तुलना में बेहद सस्ती भी। लंदन में क्लिंक 78 एक ऐसा ही यूथ होस्टल है जो दो सौ सालों का इतिहास तो अपने में समेटे हुए है ही, बेहद अजीबोगरीब भी है। अजीबोगरीब इसलिए कि यह होस्टल दरअसल एक पूर्व कोर्टरूम परिसर है। इसमें विक्टोरियाई शैली के शिल्प का 21वीं सदी के आधुनिक डिजाइन के साथ बेहद शानदार समागम किया गया है। इस तरह से एक बड़ा स्टाइलिश बैकपैकर्स हॉस्टल तैयार किया गया जिसका मकसद यूथ हॉस्टल्स की उसी पारंपरिक अवधारणा को बदलना था। और तो और इसे ब्रिटेन में हेरिटेज इमारत का दर्जा भी हासिल है। यह दर्जा इसे इसके मुख्य प्रवेश द्वार, रिसेप्शन, दो मूल कोर्ट रूम और सात मूल जेल-कोठरियों के लिए दिया गया है।

क्लिंक का रिसेप्शन

इस तरह आपको यहां मस्त-मौला लंदन छाप रुकने की जगह मिलती है जिसमें हैं डिजाइनर डोरमेट्री, पोड स्टाइल के बेड, निजी रूम और खालिस जेल की कोठरियां, और यह सब बेहद कम दरों पर। यहां एक टीवी लाउंज कोर्ट रूम है जिसमें 60 इंच का प्लाज्मा टीवी लगा है, तो एक वाई-फाई इंटरनेट कोर्ट रूम भी, यानी लिखिए अपनी कहानी ठीक उसी जगह से जिसने चार्ल्स डिकंस को ओलिवर ट्विस्ट लिखने की प्रेरणा दी। यहां आपको वो सारी सुविधाएं तो मिलेंगी ही जो एक बैकपैकर्स होस्टल में आम तौर पर मिलती हैं, कई वे सुविधाएं भी मिलेंगी जो ऐसी जगह नहीं मिलतीं। फिर, बिना फनबार के किसी युवा हॉस्टल का क्या मजा। यहां का क्लैशबार लोगों से मिलने, संगीत का मजा लेने, खेल खेलने और सुकून के पल बिताने की बहुत बढ़िया जगह है। आप यहां की अत्याधुनिक रसोई में खुद खाना पका सकते हैं और इस तरह घूमने पर खर्च करने के लिए थोड़ा धन बचा सकते हैं।

कुछ ऐसे हैं रुकने के कमरे

किंग क्रॉस या सेंट पैंक्रास अंडरग्राउंड स्टेशन से महज दस मिनट की पैदल दूरी पर स्थित क्लिंक 78 दुनिया में अपनी तरह का अकेला होस्टल है जो एक पूर्व कोर्टरूम में स्थित है। यहां बहुभाषी स्टाफ है और 24 घंटे खुला रहने वाला रिसेप्शन भी। यानी आम होस्टलों की तरह आने-जाने के समय पर कोई पाबंदी नहीं। किराये में सवेरे का पेटभराऊ नाश्ता शामिल है और बिस्तर व लगेज रूम भी। रोज लंदन का मुफ्त पैदल टूर भी ले जाया जाता है। 18 से 35 की उम्र के लोगों के लिए रुकने व नए दोस्त बनाने की बढ़िया जगह है यह।

यात्रियों के लिए खेलने की जगह

क्लिंक 78 में चार तरह के कमरे सैलानियों के रुकने के लिए हैं। इनमें सबसे पहले तो असली वाली जेल की कोठरियां हैं। इन प्राइवेट रूम में एक या दो लोग बंक बेड में सो सकते हैं। यह कमरा भीतरी डिजाइन में मूल कोठरी जैसा ही है जिसमें पुलिस हिरासत वाले तमाम तत्व मौजूद हैं। वही भारी लोहे का दरवाजा है। बस इसमें थोड़ा रंग, थोड़ी गर्मी और थोड़ा हास्य जोड़ा गया है। हॉस्टल में हर मंजिल पर साझी बॉथरूम सुविधा मौजूद हैं। अलग तरह का अनुभव पसंद करने वालों के लिए मजेदार जगह। लेकिन अगर आपको हॉस्टल के भीतर भी थोड़ी प्राइवेसी चाहिए तो अलग प्राइवेट रूम भी हैं जिनमें एक या दो लोग रुक सकते हैं।

ऐसा दिखता है बाहर से लंदन में क्लिंक

अगर आपका युवा दोस्तों का अपना ग्रुप सफर कर रहा है तो उसके लिए 4-14 बेड वाली मिक्स डोरमेटरी हैं जिनमें स्त्री-पुरुष, दोनों रुक सकते हैं। हर बिस्तर के साथ अलग रीडिंग लाइट भी है। लेकिन लड़कियां अगर अलग रुकना चाहें तो 4 से 12 बिस्तरों वाली लड़कियों की अलग डोरमेट्री भी है। डोरमेट्री में हर बिस्तर के लिए अलग सेफ भी है जिसमें आप अपना व सामान ताले में रख सकते हैं जो आप थोड़ी ज्यादा हिफाजत से रखना चाहते हैं। अब पसंद आपकी है कि आप क्या करना चाहते हैं। बाकी हॉस्टलों से अलग यहां कोई कर्फ्यू टाइम भी नहीं है और न ही रात में यहां का ताला बंद होता है। यानी यहां का रिसेप्सन 24 घंटे खुला है और आप कभी भी आ-जा सकते हैं। बस इतना है कि यहां 18 साल से कम उम्र के लोग अकेले आकर नहीं ठहर सकते। यहां रुकने वाले कम से कम 18 साल के होने चाहिए या फिर अगर कम उम्र के हों तो उनके साथ उनके माता-पिता या अभिभावक या कोई और वयस्क होना चाहिए। यहां लांड्री की भी सुविधा है और रोज सवेरे रिसेप्शन से लंदन के आसपास के इलाकों के लिए एक वॉकिंग टूर भी जाता है जिसमें आप मुफ्त में शरीक हो सकते हैं। एक मजेदार बात, इस हॉस्टल का नाम क्लिंक क्यों है? इसलिए कि अंग्रेजी में क्लिंक दरअसल जेल की कोठरी के लिए इस्तेमाल आने वाला भदेस शब्द है, एक गाली सरीखा। क्लिंक की शुरुआत दरअसल दो बहनों एनी व शैली के घूमने के अनुभवों से 15 साल पहले हुई थी जिन्होंने अपने घर को ही एशले हाउस के नाम से हॉस्टल में बदल दिया। बाद में जब यह कोर्टहाउस बिकने लगा तो उन्होंने इसे खरीद लिया और इसे भी हॉस्टल बना दिया। फिर दोनों को ही क्लिंक हॉस्टल नाम दे दिया गया- क्लिंक 78 और क्लिंक 261। अब क्लिंक का एक हॉस्टल एमस्टर्डम में भी है और डबलिन व लिस्बन शहरों में भी खुलने की तैयारी है। तो आप कब जा रहे हैं?

Leave a Reply