Sunday, May 12
Home>>अजब-गज़ब>>फॉलकिर्क व्हील यानी नाव का गंडोला
अजब-गज़बस्कॉटलैंड

फॉलकिर्क व्हील यानी नाव का गंडोला

गंडोले में या फेरी व्हील में झूले पर बैठकर ऊपर जाते-नीचे आते तो हम सबने देखा-सुना महसूस किया है, लेकिन यहां हम ऐसे गंडोले की बात कर रहे हैं जिसमें नावें ऊपर-नीचे आती जाती है। स्कॉटलैंड की फोर्थ एंड क्लाइड नहर को 35 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यूनियन नहर से जोड़ने वाला यह गंडोला दुनिया में इंजीनियरिंग के नायाब करिश्मों में से एक माना जाता है और यह स्कॉटलैंड की पारंपरिक इंजीनियरिंग की देन है। पहाड़ी घाटी में नदियों या नहरों में नावों के आने-जाने के लिए लॉक या लिफ्ट की तकनीक यूरोप में सदियों से रही है। फॉलकिर्क व्हील उसी का उन्नत स्वरूप है। पहले यह काम इस रास्ते पर बने 11 लॉक के जरिये किया जाता था। 1930 में यह लॉक इस्तेमाल में आना बंद हो गए। ग्लास्गो को एडिनबर्ग से फिर जोड़ने की कवायद में इस व्हील की कल्पना रची गई।

फोर्थ एंड क्लाइड नहर की शुरुआत 1773 में हुई थी और उसे फोर्थ नदी पर ग्रेंगमाउथ से क्लाइड नदी पर बाउलिंग तक विस्तारित किया गया था। यूनियन (या एडिनबर्ग एंड ग्लासगो यूनियन) नहर की शुरुआत काफी बाद में 1822 में हुई थी और उस समय वह एडिनबर्ग से फॉलकिर्क तक संचालित थी। कैमेलोन में पोर्ट डाउनी में दो नहरों को कई सारे लॉक जोड़ते थे। सालों बाद इन लॉक को तोड़ दिया गया और उसके बाद से इनन नहरों में कोई नौका वहन होना बंद हो गया था। अब इस अद्भुत इंजीनियरिंग से यह फिर से शुरू हो गया है।

बोट लिफ्ट के तौर पर व्हील के ख्याल पर सबसे पहले 1994 में सोचा गया था। उस समय कई सारी बातों पर विचार किया गया—रोलिंग अंडे, टेढ़े होने वाले टैंक, विशाल सी-सॉ या फिर मोनोरेल आदि। अंततः तमाम जगहों से प्रेरणा लेते हुए इरादा इस व्हील पर टिका। दोनों नहरों को जोड़ने की मिलेनियम लिंक परियोजना पर काम 1998 में शुरू हुआ। डर्बीशायर में इसके हिस्से बने। अलग-अलग हिस्सों को बनाकर और जोड़कर वहां देखा जाता और उन्हें फिर से अलग-अलग करके फॉलकिर्क लाकर फिर से जोड़ा जाता। इसे बनाने में 1200 टन स्टील का इस्तेमाल हुआ और  इसे बनाने में हजार से ज्यादा लोग लगे थे। इस पूरे ढांचे में 15 हजार बोल्ट लगे हैं और हर बोल्ट को हाथ से कसा गया है। आखिरकार 2002 में इस बोट लिफ्ट की शुरुआत हो गई।

यह व्हील एक चक्कर में ऊपर वाली नहर से नाव को उठाकर नीचे और नीचे वाली नहर से नाव को ऊठाकर ऊपर ले जाता है। दुनिया में कई चर्चित बोट लिफ्ट हैं, लेकिन यह दुनिया में अकेली घूमने वाली बोट लिफ्ट है। आर्कीमीडीज के सिद्धांत पर काम करने वाली यह लिफ्ट एक चक्कर महज साढ़े पांच मिनट में पूरा कर लेती है और इस पर चार मिनट में महज डेढ़ किलोवॉट-घंटा की ऊर्जा (जितनी केवल आठ केतली पानी उबालने में खर्च होती है) इस्तेमाल आती है। इस अनूठी चीज को महसूस करने के लिए सैलानियों की आवक कम नहीं। लिहाजा ऊपर से नीचे आने और नीचे से ऊपर आने के दोनों अनुभवों के साथ नहर में एक घंटे का नौका विहार सैलानी कर सकते हैं।

यह व्हील 35 मीटर ऊंचा है या उतनी ऊंचाई जितनी आठ डबल डेकर बसों को एक के ऊपर एक रखने से हो जाती है। इसके 600 टन के गंडोले में पांच लाख लीटर पानी आ जाता है जो किसी ओलंपिक आकार के स्वीमिंग पूल को भरने के लिए पर्याप्त है। आज यह स्कॉटलैंड जाने वाले सैलानियों के लिए बड़ा आकर्षण है। अंदाजा लगाइए कि 2002 में इसकी शुरुआत के बाद से करीब 60 लाख लोग इसे देखने के लिए आ चुके हैं।

फॉलकिर्क व्हील के विजिटर सेंटर में आप बिना किसी शुल्क के बैठकर इस व्हील को घूमता देख सकते हैं। नाव से ऊपर नीचे जाने के लिए अगर आप किसी ग्रुप में हैं तो विशेष ग्रुप रेट लग जाती हैं। यहां कैफे है, गिफ्ट शॉप है और बच्चों के लिए एक्टिविटी जोन हैं। यहां वाटर प्ले पार्क, मिनि-नहर, वाटर वाकर्ज, केनोइंग आदि का आनंद लिया जा सकता है। इसके अलावा आसपास राइडिंग के लिए बाइक किराये पर ली जा सकती हैं और आसपास पैदल सैर भी की जा सकती है। यानी यहां हरेक के लिए कुछ न कुछ है। इसे लोग दिनभर के सैर-सपाटे के तौर पर लेकर चलते हैं।

गर्मियों में यानी मार्च से लेकर अक्टूबर तक यह व्हील सप्ताह में सातों दिन सवेरे 10 बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक खुला रहता है। सर्दियों में यानी नवंबर से फरवरी तक यह सप्ताह में केवल पांच दिन (बुधवार से रविवार) सवेरे 11 बजे से दोपहर 3.30 बजे तक ही खुलता है। नवंबर में बोट ट्रिप नहीं होती क्योंकि उन दिनों इनकी सालाना देखरेख व रखरखाव किया जाता है। वाटर पार्क सवेरे 11 बजे शुरू होता है। दिनभर में कुल आठ बोट ट्रिप होती हैं। बड़े ग्रुप के लिए आप पहले से बुकिंग करा सकते हैं। वैसे एक व्यक्ति का टिकट 13.50 ब्रिटिश पाउंड का है। 3 से 15 साल के बच्चों के लिए इसका आधा किराया लगता है। इनके अलावा कई फैमिली टिकट सुविधाएं भी हैं।

कैसे पहुंचे

फॉलकिर्क व्हील ग्लासगो और एडिनबर्ग, दोनों से तकरीबन 23 मील की दूरी पर है। यहां पहुंचना भी आसान है। यहां आप अपने वाहन के साथ-साथ ट्रेन, बस या टैक्सी से भी पहुंच सकते हैं। फॉलकिर्क व्हील फॉलकिर्क के सिटी सेंटर से केवल दस मिनट की ड्राइव या बस से सफर की दूरी पर है।

स्कॉटिश सेगवे सेंटर भी अब फॉलकिर्क व्हील पर ही स्थित है, इसलिए आप जब वहां जाएं तो फॉलकिर्क व्हील व उसके आसपास के इलाकों का सेगवे टूर भी कर ही सकते हैं।

कोविड अपडेट

वाटर पार्क और बोट ट्रिप, दोनों फिर से चालू हैं। वहां के वाटर पार्क व बाकी सुविधाओं का भी आनंद लिया जा सकता है।

Leave a Reply